छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

भोरमदेव सकरी फीडर नहर विस्तार से 6 गांवों के किसानों को मिलेगी सिंचाई की बड़ी राहत

रायपुर। चैत्र नवरात्रि पंचमी के पावन अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के वनांचल ग्राम बद्दो में किसानों को बड़ी सौगात दी। यहां 11.49 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले भोरमदेव सकरी फीडर नहर विस्तारीकरण कार्य का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के 6 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

नहर विस्तार कार्य के जरिए लगभग 770 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ेगी, किसानों की आय में इजाफा होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि नहर विस्तार से खेतों तक पानी की पहुंच आसान होगी और हजारों किसानों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि स्थायी सिंचाई सुविधा मिलने से फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में सुधार होगा। सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि ऐसी योजनाएं लागू करना है जो किसानों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है, ताकि पिछड़े इलाकों तक भी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचे। नहर विस्तारीकरण जैसे कार्य इसी सोच का हिस्सा हैं, जो ग्रामीण विकास को नई दिशा देंगे।

उपमुख्यमंत्री ने किसानों से इस परियोजना को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। उनका कहना था कि जनभागीदारी से ही इस तरह की बड़ी योजनाएं समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी हो सकती हैं। अधिकारियों को निर्माण कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने जिले में चल रहे सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

योजना के बहुउद्देशीय लाभ:

इस योजना से सिंचाई की कमी वाले क्षेत्र को राहत मिलेगी और 635 हेक्टेयर क्षेत्र में कमी की पूर्ति के साथ 770 हेक्टेयर रूपांकित क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई संभव हो सकेगी। असिंचित भूमि में पानी पहुंचने से कृषि भूमि की उपयोगिता और मूल्य दोनों बढ़ेंगे। नहर के सर्विस बैंक बनने से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा भी मिलेगी।

सिंचाई उपलब्ध होने के बाद किसान एक से अधिक फसल लेने में सक्षम होंगे, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। यह योजना लंबे समय तक किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लिए फायदेमंद साबित होगी।

लाभान्वित गांव:

इस परियोजना से बाघुटोला, लाटा, खिरसाली, बद्दो, रघ्घुपारा और छपरी सहित कुल 6 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। समय पर सिंचाई सुविधा मिलने से इन गांवों में फसलों की पैदावार बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button