देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर CJP का मुंबई में प्रदर्शन, शिवाजी पार्क के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया। प्रदर्शन को लेकर सुबह से ही शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी, इसके बावजूद CJP ने आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया था।

CJP की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई से आंदोलन शुरू करने की बात कह चुका है। पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने युवाओं की भागीदारी का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली बार भी युवा पीढ़ी एक मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरी थी और इस बार भी बड़ी संख्या में युवा आंदोलन से जुड़ रहे हैं।

प्रदर्शन में फिल्म और कला जगत से जुड़े कुछ लोगों के पहुंचने की भी खबर है। वहीं, दिल्ली में भी SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने प्रदर्शन किया। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी नेताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

मुंबई और दिल्ली, दोनों जगहों पर SIR और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विरोध प्रदर्शन के चलते राजनीतिक बहस तेज हो गई है। अब नजर इस बात पर है कि CJP का यह आंदोलन आगे किस रूप में बढ़ता है और चुनाव आयोग की ओर से इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button