प्रेमनगर के स्कूल में अखबार वाचन की अनोखी पहल, बच्चों में जागरूकता और अभिव्यक्ति को मिला नया मंच

रायपुर। शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय उसे जीवन और समाज से जोड़ने की दिशा में सरगुजा जिले के विकासखंड प्रेमनगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पीपरडांड ने एक अभिनव कदम उठाया है। विद्यालय में विद्यार्थियों की दैनिक दिनचर्या में समाचार पत्र वाचन को शामिल किया गया है, जिससे बच्चों को समसामयिक घटनाओं, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों और विविध विचारों से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।
यह पहल न सिर्फ पढ़ने की आदत को मजबूत कर रही है, बल्कि बच्चों की भाषा दक्षता, लेखन शैली और सोचने-समझने की क्षमता को भी विकसित कर रही है। विद्यालय के सहायक शिक्षक राजेन्द्र जायसवाल के अनुसार, बढ़ते मोबाइल स्क्रीन टाइम के कारण बच्चों में पठन संस्कृति कमजोर हो रही है। ऐसे में अखबार पढ़ने की आदत शिक्षा सुधार का प्रभावी माध्यम बन सकती है।
नई व्यवस्था के तहत अब प्रार्थना सभा केवल औपचारिक गतिविधि नहीं रहेगी, बल्कि इसे जागरूकता मंच के रूप में विकसित किया गया है। छात्र-छात्राएं प्रतिदिन अखबार की प्रमुख सुर्खियां पढ़ते हैं और सप्ताह में एक दिन संपादकीय विषयों पर लेखन व समूह चर्चा भी करते हैं। इससे उनमें तर्क क्षमता, संवाद कौशल और नैतिक मूल्यों का विकास हो रहा है। विद्यालय की इस पहल को क्षेत्र में सराहना मिल रही है और यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में सार्थक प्रयास माना जा रहा है।



