छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

3.35 करोड़ की लूट के आरोपी यूपी में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से हुई 3.35 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार आरोपियों को उत्तर प्रदेश में शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर पुलिस लगातार आरोपियों को ट्रेस कर रही थी। इसी बीच यूपी पुलिस को उनके मूवमेंट की सूचना मिली और घेराबंदी की गई। पकड़ने की कोशिश के दौरान आरोपी भागने लगे, जिस पर दोनों राज्यों की पुलिस ने फायरिंग की। गोली लगने से विजय लाम्बा और उसका एक साथी घायल हो गए। इसके बाद चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को बिलासपुर से पकड़ा गया है। मामले का खुलासा आज मिर्जापुर में यूपी पुलिस करेगी।

यह वारदात सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में हुई थी, जहां सराफा कारोबारी संतोष तिवारी को मंगलवार रात निशाना बनाया गया। घटना के बाद पुलिस महकमा हाई अलर्ट पर आ गया था। आईजी रामगोपाल गर्ग खुद मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली।

तफ्तीश के दौरान उरतुम गांव के पास लूटी गई कार बरामद हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टॉवर डंप और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान की। खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल बाइक और इको वैन दोनों चोरी की थीं। बाइक मैनपाट से और वैन अकलतरा क्षेत्र से चुराई गई थी।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं, जिन्होंने यूपी, बिहार और झारखंड रूट पर लगातार दबिश दी। तकनीकी साक्ष्य, फिंगरप्रिंट और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आखिरकार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button