मदर्स डे पर रायपुर महिला जेल में भावुक पहल: बंदिनियों को वीडियो कॉलिंग की सौगात, बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान

रायपुर। मदर्स डे के ममतामयी अवसर पर रायपुर की महिला जेल में बंद महिलाओं के जीवन में खुशियों की नई किरण आई। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की घोषणा के अनुरूप जेल प्रशासन ने महिला बंदिनियों को प्रिजन इनमेट वीडियो कॉलिंग सिस्टम की सौगात दी।
अपनों से दूरी होगी कम
जेल विभाग और BSNL
के बीच हुए अनुबंध के तहत यह सुविधा शुरू की गई है। अब महिला बंदी अपने परिजनों और अधिवक्ताओं से सीधे वीडियो कॉल के माध्यम से बात कर सकेंगी। इससे उन्हें मानसिक संबल मिलेगा और कानूनी मामलों पर बेहतर संवाद संभव हो सकेगा।
हुनर को मिला सम्मान
‘निश्चय’ कार्यक्रम के अंतर्गत कौशल विकास प्रशिक्षण पूरा करने वाली 38 महिला बंदिनियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह पहल उनके पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बच्चों के लिए खास उपहार
जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे 14 बच्चों को विशेष उपहार वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते ही जेल परिसर का माहौल भावुक और उत्सवमय हो गया।
इस अवसर पर डीजी जेल हिमांशु गुप्ता, जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, विजय छबलानी, प्रभारी गरिमा पांडेय सहित जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह पहल बंदिनियों को परिवार से जोड़ने के साथ-साथ जेल सुधार और तकनीकी समावेशन का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।




