असम की फाइनल वोटर लिस्ट जारी: 2.49 करोड़ मतदाता, मसौदा सूची से 2.43 लाख नाम हटे

असम में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले चुनाव आयोग ने 126 सीटों के लिए स्पेशल रिवीजन 2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। फाइनल लिस्ट में कुल 2,49,58,139 मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जो मसौदा सूची के मुकाबले 0.97 प्रतिशत कम हैं। यानी ड्राफ्ट लिस्ट से 2,43,485 नाम हटा दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2025 को प्रकाशित मसौदा सूची में 2,52,01,624 मतदाता दर्ज थे। दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम सूची तैयार की गई। इसमें 1,24,82,213 पुरुष, 1,24,75,583 महिला और 343 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
स्पेशल रिवीजन प्रक्रिया के तहत 22 नवंबर से 20 दिसंबर 2025 तक राज्यभर में घर-घर सत्यापन अभियान चलाया गया था। वहीं, 27 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया।
गौरतलब है कि असम में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इससे पहले चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में भी एसआईआर की समयसीमा बढ़ाते हुए अंतिम प्रकाशन की तारीख 14 फरवरी 2026 तक आगे बढ़ाई थी, जहां बड़े पैमाने पर गणना और पोलिंग स्टेशनों के पुनर्गठन की आवश्यकता बताई गई थी।



