छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

भैंसामुड़ा में दिखी संवेदनशील नेतृत्व की मिसाल: सीएम ने मजदूरों संग ईंट-गारा जोड़कर दिया जनसेवा का संदेश

रायपुर। सुशासन तिहार के दौरान जशपुर जिले के भैंसामुड़ा गांव में एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने शासन और जनता के रिश्ते को नई परिभाषा दी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जब पत्थलगांव विकासखंड के इस दूरस्थ इलाके में पहुंचे, तो उनका दौरा सिर्फ औपचारिक नहीं रहा, बल्कि जमीन से जुड़ी संवेदनशीलता का प्रतीक बन गया।

गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे घरों का निरीक्षण करते हुए उनकी नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन मकान पर पड़ी। बिना देर किए वे गाड़ी से उतरे और सीधे निर्माण स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने न केवल काम की गुणवत्ता जांची, बल्कि वहां काम कर रहे श्रमिकों से बातचीत कर उनके श्रम की सराहना भी की।

इस दौरान एक खास पल तब आया, जब मुख्यमंत्री खुद करणी उठाकर सीमेंट-गारा लगाने लगे और ईंट जोड़ने में हाथ बंटाया। मुख्यमंत्री को अपने साथ काम करते देख श्रमिक और ग्रामीण भावुक हो उठे। यह दृश्य केवल एक फोटो अवसर नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सजीव उदाहरण बन गया।

अनुसुइया पैंकरा ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पक्का घर उनका वर्षों पुराना सपना था, जो अब साकार हो रहा है। उन्होंने योजना के लिए आभार जताया और बताया कि इससे उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी बातचीत की और उनके रोजगार व पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि यह दौरा महज निरीक्षण तक सीमित नहीं था, बल्कि आम लोगों के जीवन से जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने की एक सच्ची कोशिश थी। इस पहल से ग्रामीणों का शासन के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ।

इस अवसर पर पत्थलगांव क्षेत्र की विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button