छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में चुनावी तैयारियां तेज: मतदाता सूची अपडेट पर सख्त निर्देश, मई-जून में मतदान की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 को लेकर तैयारियां अब तेज रफ्तार पकड़ चुकी हैं। इसी कड़ी में आज निर्वाचक नामावली प्रेक्षकों की एक अहम ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो, यह सुनिश्चित करने के साथ-साथ दावा और आपत्तियों का समय-सीमा के भीतर गंभीरता से निपटारा करने को कहा गया। साथ ही, पूरी प्रक्रिया की सघन निगरानी और प्रभावी सुपरविजन पर भी बल दिया गया।

आयोग ने बताया कि मतदाता सूची का व्यापक पुनरीक्षण किया जा रहा है, जिसमें 01 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि तय की गई है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले और विधानसभा मतदाता सूची में शामिल नागरिक ही स्थानीय चुनाव में वोट डाल सकेंगे।

निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अप्रैल 2026 को होगा। इसके बाद 20 अप्रैल तक दावा-आपत्तियां ली जाएंगी और 27 अप्रैल तक उनका निराकरण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची 05 मई 2026 को जारी की जाएगी।

इसके अलावा, आयोग ने विभिन्न रिक्त पदों की जानकारी भी साझा की। नगरीय निकायों में अध्यक्ष और पार्षद पदों के साथ-साथ उपचुनाव भी प्रस्तावित हैं। वहीं पंचायत स्तर पर जनपद सदस्य, सरपंच और पंच के कई पदों पर चुनाव कराए जाएंगे।

अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि वे पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि चुनावी प्रक्रिया सुचारू और निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button