छत्तीसगढ़ की बेटियों का कमाल, झारखंड को हराकर महिला फुटबॉल में जीता गोल्ड

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में खेले गए महिला फुटबॉल फाइनल में छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। शुरुआत से ही दोनों टीमों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पहले हाफ तक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर रहा, जहां दोनों पक्षों की मजबूत डिफेंस ने किसी को बढ़त नहीं लेने दी।
दूसरे हाफ में छत्तीसगढ़ ने रणनीति बदलते हुए आक्रमण तेज किया। टीम की कप्तान किरण पिस्दा ने निर्णायक गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद छत्तीसगढ़ की टीम ने बेहतरीन संयम और रक्षा कौशल दिखाते हुए इस बढ़त को अंत तक बरकरार रखा।
आखिरकार छत्तीसगढ़ ने झारखंड को 1-0 से हराकर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का जज्बा और टीमवर्क देखने लायक रहा। मुकाबले को देखने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनूजा सलाम भी मौजूद रहे।




