Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

मनरेगा में कबीरधाम नंबर-1: रोजगार, भुगतान और विकास में बनाया नया रिकॉर्ड

Kabirdham No. 1 in MNREGA: Sets new record in employment, payment and development

रायपुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के बेहतर क्रियान्वयन के दम पर कबीरधाम जिले ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर मिसाल पेश की है। जिले ने रोजगार सृजन, परिवारों को काम देने और दिव्यांगजनों को अवसर प्रदान करने जैसे कई अहम मानकों पर शानदार प्रदर्शन किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन और लगातार मॉनिटरिंग का असर जमीनी स्तर पर साफ दिखाई दिया, जहां ग्रामीणों को बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराया गया। ग्राम पंचायतों की मांग के अनुसार निर्माण कार्यों को स्वीकृति देकर तेजी से शुरू किया गया, जिससे वनांचल से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक रोजगार के अवसर बढ़े।

कलेक्टर गोपाल वर्मा के अनुसार जिले में 11,466 परिवारों को 100 दिनों का रोजगार मिला, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। वहीं, सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रोजगार के साथ आजीविका बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। तालाब निर्माण, नाली, डबरी, पशुपालन और कुक्कुट शेड जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई।

जिले में 58.54 लाख मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ, 1.42 लाख से अधिक परिवारों को काम मिला और 2,538 दिव्यांगजनों को भी रोजगार से जोड़ा गया। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। साथ ही 124 करोड़ से अधिक मजदूरी का भुगतान सीधे खातों में कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी गई।

कबीरधाम का यह प्रदर्शन साबित करता है कि योजनाओं का सही क्रियान्वयन ग्रामीण विकास की दिशा बदल सकता है।