यमन की अस्थाई राजधानी अदन से आज सुबह अत्यंत भयावह खबर आई है, जहां ईरान समर्थित हुती विद्रोहियों ने अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर भीषण तबाही मचाई है। यह हमला ठीक उस वक्त हुआ जब अदन से काहिरा जा रहा एक नागरिक यात्री विमान उड़ान भरने ही वाला था। यमन सरकार के आधिकारिक सूत्रों ने इसे एक सीधा और कायराना आतंकवादी हमला करार दिया है। एक दिन पहले ही हुती विद्रोहियों ने अल-माशीक राष्ट्रपति पैलेस पर भी हमला करके 5 लोगों की जान ले ली थी।
इस मिसाइल हमले के बाद अदन हवाई अड्डे के रनवे पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सौभाग्य से मिसाइलें सीधे विमान से न टकराकर सैन्य यूनिट वाले इलाके में जाकर गिरीं, जिससे एक बड़ा नरसंहार होने से बच गया। हालांकि, एयरपोर्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा है और सभी उड़ानों को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। यमन के सूचना मंत्री मुअम्मर अल-एरयानी ने कहा कि हुती विद्रोही निर्दोष नागरिकों की जान लेने पर आमादा हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पर आंखें मूंदकर बैठा हुआ है।
यमन के भीतर हुती विद्रोहियों का यह बढ़ता दुस्साहस इस बात का गवाह है कि खाड़ी क्षेत्र में शांति का कोई भी प्रयास अब सफल नहीं हो पा रहा है। रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यमन के राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाने के बाद अब नागरिक हवाई अड्डों पर मिसाइलें बरसाना एक खुला युद्ध अपराध है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने इन मिसाइलों के जवाब में यमन में हुती ठिकानों पर भीषण हवाई हमले शुरू कर दिए हैं, जिससे यह पूरा इलाका एक बार फिर खून से लथपथ होने की राह पर है।
ये खबर भी पढ़ें —:






