कलिबा में कलिबेश्वर महादेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, सामुदायिक भवनों के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम कलिबा में नवनिर्मित कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री ने यज्ञमंडप में हरिनाम संकीर्तन करते हुए परिक्रमा की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मंदिर केवल श्रद्धा के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामुदायिक एकता के प्रतीक होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम कलिबा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही हनुमान टेकरी में सामुदायिक भवन तथा सूर्य नमस्कार की मुद्राओं की प्रतिकृति निर्माण कराने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने अपने 28 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में अब तक 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन कर चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 19 प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार और विशेष राजस्व शिविरों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन भी शुरू की जाएगी, जहां टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत 757 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए जाने की जानकारी दी। साथ ही प्रदेश में 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) के गठन से किसानों को खाद, बीज, ऋण और धान खरीदी जैसी सुविधाएं गांव के समीप उपलब्ध होने की बात कही।
समारोह में पद्मश्री जागेश्वर यादव, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




