मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी सिंचाई परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्तापूर्ण कार्य पर दिया जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रदेश में चल रही सभी निर्माणाधीन और प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों और निर्माण की गति को और तेज किया जाए।
विष्णु देव साय ने अधिकारियों से कहा कि जल संसाधन परियोजनाएँ प्रदेश के सर्वांगीण विकास की धुरी हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त जल सुनिश्चित करने हेतु सिंचाई परियोजनाओं का समय पर पूरा होना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने सभी निर्माणाधीन और प्रगतिरत परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने पावर पॉइंट प्रेज़ेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रदेश की सिंचाई परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव पी. दयानंद और जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।




