मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर ट्रेन हादसे पर जताया दुख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद के निर्देश

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कलेक्टर से की बात, राहत और बचाव कार्यों की ली जानकारी; घायलों के इलाज और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था के दिए निर्देश
रायपुर, 4 नवम्बर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ संवेदना के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर बिलासपुर कलेक्टर से बात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं और राहत-बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उनके परिजनों को इस दुखद समय में धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।




