Children received a grand welcome at the school enrollment festival; girl students were given bicycles, and students were felicitated.

शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का हुआ भव्य स्वागत, छात्राओं को मिली साइकिल और विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शिक्षा और छात्र कल्याण को बढ़ावा देने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग और गणवेश वितरित किए गए, जबकि कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलें प्रदान की गईं। साथ ही 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद बालिका शिक्षा के महत्व पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिका शिक्षा, समान अवसर और विद्यालय से जुड़ाव का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला होता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के हाई स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर शिक्षा मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र के विद्यालय भविष्य में जिले और प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएंगे।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग, संपर्क मार्ग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तेजी से निर्माण कार्य जारी हैं। उन्होंने रामानुजगंज में 500 सीटों वाले ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही बलरामपुर और रामानुजगंज में इंडोर स्टेडियम विकसित करने तथा कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन को जल्द स्वीकृति दिलाने की बात भी कही।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply