रायपुर : पीएम को काला झंडा भूपेश के नेतृत्व में कांग्रेसजन जांजगीर रवाना

रायपुर : बिलासपुर में बर्बरतापूर्वक कांग्रेसजनों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध करने पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल भारी समर्थकों के साथ जांजगीर रवाना हो गए हैं। आज जांजगीर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम होना है, कांग्रेसजन काले कपड़ों में तथा गाडिय़ों में काले झंडे लगातार बलौदाबाजार, शिवरीनारायण होते हुए जांजगीर जाएंगे। इधर कांग्रेसजनों को रोकने कड़ी तैयारी की गई है।
ये खबर भी पढ़ें – रायपुर: लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेसी एकजुट, विरोध तेज
बिलासपुर में निहत्थे कांग्रेसजनों को कांग्रेस भवन में घूसकर लाठी-डंडे बरसाने वाले दोषी अफसरों पर कड़ी कार्यवाही की मांग और हाईकोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल, पीसीसी के अन्य पदाधिकारी, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विकास उपाध्याय, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कांग्रेस के अन्य मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पदाधिकारी आज विभिन्न वाहनों में सवार होकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचे।
ये खबर भी पढ़ें – रायपुर : रंगीन मछलियां सस्ते दाम पर खरीद सकते हैं
यहां से भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों का काफिला सीधे बलौदाबाजार के लिए रवाना हो गया। कांग्रेसजन बलौदाबाजार से शिवरीनारायण और फिर जांजगीर रवाना हो जाएंगे। जांजगीर रवाना होने वाले कांग्रेसजनों में सांसद ताम्रध्वज साहू, राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा, वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर, विधायक भोलाराम साहू, गिरीवर जंघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष शारदा देवी वर्मा, महापौर प्रमोद दुबे, गुरूमुख सिंह होरा, रामगोपाल अग्रवाल, विकास उपाध्याय आदि शामिल हैं।
जांजगीर के पहले ही रोके जाएंगे कांग्रेसी
इधर सूत्रों की माने तो प्रधानमंत्री को काला झंडा दिखाने रवाना हुए कांग्रेसजनों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने तगड़ी मोर्चाबंदी कर रखी है। सूत्रों की माने तो पुलिस कांग्रेसजनों को बलौदाबाजार में ही रोक लेगी और आगे बढऩे नहीं देगी। भूपेश बघेल के नेतृत्व में रायपुर और आसपास के जिलों से जांजगीर निकले कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को बलौदाबाजार से आगे बढऩे नहीं दिया जाएगा। इधर नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव अकलतरा होते हुए जांजगीर रवाना हुए हैं ।
श्री सिंहदेव और उनके काफिले को अकलतरा के निकट ही रोकने की योजना बनाई गई है। वरिष्ठ नेता डा. चरणदास महंत इस समय चांपा में हैं, वे भी अपने समर्थकों और अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ जांजगीर रवाना होंगे, उन्हें चांपा में ही रोकने की तैयारी की गई है।
रेलवे स्टेशनों में विशेष निगरानी
आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जांजगीर में आयोजित कार्यक्रम में काला झंडा अलग-अलग स्थानों से निकले कांग्रेसजनों को रोकने पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। बताया जाता है कि पुलिस के अधिकारी और जवानों को सिविल डे्रस में तिल्दा, भाटापारा, बिलासपुर, अकलतरा, जांजगीर-चांपा, कोरबा, खरसिया, रायगढ़ में तैनात किया गया है।
ये खबर भी पढ़ें – रायपुर: पंडित वामन बली राव लाखे जी की 146वीं जयंती मनाई गई
इन टीमों को सख्त निर्देश दिया गया है कि किसी भी कीमत पर कांग्रेसजन जांजगीर में न पहुंचे। इसी बीच सूचना मिल रही है कि रायगढ़ से जांजगीर आ रहे कांग्रेस के 40 कार्यकर्ताओं को रेलवे स्टेशन में तथा भाठापारा से जांजगीर जा रहे कांग्रेस के 20 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।
https://www.youtube.com/watch?v=oMn3z0ItR38