Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

धमधा में विकास की बौछार, उन्नयन के साथ मिलेगी शहर को नई पहचान

Dhamdha is witnessing a surge in development, with the upgradation, the city will get a new identity.

रायपुर। लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान दुर्ग जिले के धमधा नगर पंचायत में पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने एक बड़ी घोषणा करते हुए नगर पंचायत को नगर पालिका में उन्नयन करने की बात कही। यह मांग स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।

नगर पालिका बनने के बाद धमधा को विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन मिलेंगे, जिससे शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसुविधाओं में तेजी से सुधार होगा। इस फैसले से क्षेत्र में सुव्यवस्थित विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

अपने दौरे के दौरान अरुण साव ने लगभग 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 4 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 39 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके अलावा शहर के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा भी की गई।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में धमधा के विकास के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, ईश्वर साहू और ललित चन्द्राकर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रही।