कवर्धा में बिगड़ा माहौल, दो समुदायों के बीच झंडा लगाने पर भड़का विवाद, शहर में धारा 144 लागू

कवर्धा। लोहारा नाका चौक स्थित विंध्यवासिनी मंदिर के करीब दो समुदायों के बीच झंडा लगाने का विवाद इस कदर भड़का कि धारा 144 लागू करनी पड़ी। दरअसल यहां झंडा और लाइटिंग की जा रही थी। इस दौरान झंडा को बिजली के खंबे से उतारकर फेंकने और जलाने की आवाजों के कारण माहौल गरमा गया। दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। भीड़ ने पत्थरबाजी भी की है। इस घटना में दोनों पक्ष के लोग घायल भी हुए है। इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण है और कवर्धा में धारा 144 लगा दी गई है। मंदिर के सामने से भीड़ को हटाने पुलिस ने हल्का लाठी चार्ज भी किया। इसे लेकर हिन्दू संगठन में नाराजगी भी है। इस मामले में जब पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग से चर्चा की गई तो उन्होंने इस मामले को लेकर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जब तक वे मामले को समझ नहीं लेते, तब तक वे कुछ नहीं कहेंगे।
इस घटना को लेकर मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर रमेश शर्मा ने बताया कि झंडे को लेकर दो समुदायों में विवाद हुआ था। एक बार बैठाकर उन्हें समझाया गया था। समझौते के बावजूद दोबारा इस प्रकार की घटना हुई है, जो बेहद गंभीर है। इस घटना को देखते हुए धारा 144 लागू की गई है। झगड़ा मूलतः झंडे को लेकर है।
ज्ञातव्य हो की पूर्व में भी कवर्धा के एकता चौक आजाद चौक में झंडे को लेकर विवाद हो चुका है। उस समय भी धारा 144 लगाई गई थी। पुलिस मामला शांत कराने व शांति व्यवस्था बनाने रात को पेट्रोलिंग निकाली गई, शहर में आईजी विवेकानंद सिन्हा स्वयं माहौल शांत करने जुटे हुए है।