मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में स्वतंत्र एटीएमए की तैयारी तेज, किसानों की जरूरतों के अनुसार बनेगी नई कृषि रणनीति

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले को स्वतंत्र एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एजेंसी (एटीएमए) जिला बनाने की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग ने केंद्र प्रवर्तित एक्सटेंशन रिफॉर्म (एटीएमए) योजना के तहत जिले की स्ट्रेटेजिक रिसर्च एंड एक्सटेंशन प्लान (एसआरईपी) तैयार करने के लिए चयनित तीन गांवों में पार्टिसिपेटरी रूरल एप्रेजल (पीआरए) सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। यह सर्वेक्षण जिले की वास्तविक कृषि जरूरतों, चुनौतियों और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य की कृषि विकास रणनीति तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सर्वेक्षण विकासखंड मोहला के ग्राम रेंगाकठेरा, मानपुर के ग्राम बसेली और अंबागढ़ चौकी के ग्राम बागनारा में किया गया। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों से संवाद कर कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई।
सर्वेक्षण के दौरान ग्रामीणों ने गांव की सामाजिक-सांस्कृतिक संरचना, प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, बीज और उर्वरकों की उपलब्धता, कृषि विपणन, सड़क और परिवहन, नहर-नालों, चारागाह, वन एवं जैव विविधता समेत कई विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। साथ ही सामाजिक मानचित्र, संसाधन मानचित्र, भूमि उपयोग मानचित्र, फसल चक्र, भू-जल स्तर, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के समन्वय को दर्शाने वाले पीआरए चार्ट भी तैयार किए गए।
कृषि विभाग के अनुसार पीआरए सर्वेक्षण के आधार पर तैयार होने वाली एसआरईपी जिले की स्थानीय आवश्यकताओं और उपलब्ध संसाधनों पर आधारित होगी। इससे कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक विकास रणनीति तैयार होगी, जिससे योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन और किसानों तक कृषि विस्तार सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जा सकेगी।
स्वतंत्र एटीएमए का दर्जा मिलने के बाद जिले में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन, नवाचार, क्षमता विकास और विभिन्न शासकीय योजनाओं का संचालन स्थानीय स्तर पर किया जाएगा। इससे किसानों को समय पर तकनीकी सहायता मिलेगी और आधुनिक कृषि तकनीकों का तेजी से विस्तार होगा।
फिलहाल जिले में एटीएमए योजना का संचालन राजनांदगांव के माध्यम से हो रहा है। एसआरईपी तैयार होने और केंद्रीय टीम से अनुमोदन मिलने के बाद मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को स्वतंत्र एटीएमए जिला घोषित किया जा सकेगा। इससे हजारों किसानों को सीधे लाभ मिलने के साथ कृषि विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।




