छत्तीसगढ़ में आदिवासी विकास पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम के बीच चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने जुएल ओराम का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट किया।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में जनजातियों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को आदिवासी समुदाय के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सहित समग्र विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति अत्यंत समृद्ध है और इसके संरक्षण व संवर्धन के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने राज्य सरकार द्वारा आदिवासी उत्थान की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव और पुरंदर मिश्रा उपस्थित थे।




