छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

धुरवा समाज के नुआखाई समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का भावुक और आत्मीय स्वरूप

रायपुर। धुरवा समाज के नुआखाई मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने आत्मीय और स्नेहिल व्यवहार से सभी का दिल जीत लिया। समारोह में उन्होंने नन्हीं भूमिका बघेल को गोद में उठाकर दुलार किया और प्यार से महुआ लड्डू खिलाया।

जगदलपुर विकासखंड के उलनार गांव से पहुंची भूमिका अपने दादा सोनसारी बघेल के साथ कार्यक्रम में शामिल हुई थी। पारंपरिक परिधान में सजी भूमिका ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने मुस्कराकर उसका नाम पूछा और जानना चाहा कि वह किस कक्षा में पढ़ती है। भूमिका ने भोलेपन से जवाब दिया — “मैं दीप्ति कान्वेंट स्कूल में एलकेजी में पढ़ती हूँ।”

यह दृश्य समारोह में उपस्थित हर व्यक्ति के दिल को छू गया। एलकेजी की भूमिका की मासूम मुस्कान और पारंपरिक वेशभूषा में बस्तर की सांस्कृतिक सुंदरता और सादगी झलक रही थी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समाज द्वारा बच्चों के लिए बारहवीं तक की शिक्षा अनिवार्य करने के निर्णय की सराहना की और कहा कि यही शिक्षा भविष्य को रोशन करेगी। उन्होंने भूमिका सहित हर बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की — कि वे आगे बढ़ें, उड़ान भरें और अपनी संस्कृति से जुड़े रहें।

मुख्यमंत्री का यह अपनापन और सरलता जनजातीय समाज से उनके गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। समारोह का वातावरण उनके आत्मीय व्यवहार से प्रेम, अपनापन और विश्वास से भर गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button