पीएम सूर्यघर योजना से घर-घर ऊर्जा आत्मनिर्भरता, सोलर रूफटॉप से घटा बिजली बिल

रायपुर। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से हर घर को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा को बढ़ावा देना है। यह पहल न सिर्फ लोगों को बढ़ते बिजली बिल से राहत दे रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान दे रही है।
जिले में इस योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। रामगोपाल तिवारी वार्ड निवासी आकाश चंदेल ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाकर अपने परिवार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया है। बढ़ते बिजली खर्च और पर्यावरण को लेकर बढ़ती चिंता ने उन्हें सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आकाश चंदेल का कहना है कि सौर ऊर्जा एक किफायती और अक्षय विकल्प है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करता है। उनके घर में स्थापित सोलर सिस्टम से प्रतिमाह पर्याप्त बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। साथ ही अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजे जाने से उन्हें आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। इस पहल से कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई है।
गौरतलब है कि सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है। शासन के निर्देशानुसार बैंकों के माध्यम से कम ब्याज दर पर आसान किश्तों में ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत 1 किलोवाट पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये और 3 किलोवाट सोलर रूफटॉप सिस्टम पर 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।




