Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

विधानसभा परिसर में तीन दिवसीय हेल्थ कैंप शुरू, मुख्यमंत्री ने खुद कराई जांच देकर जागरूकता का संदेश

A three-day health camp began in the Vidhan Sabha premises; the Chief Minister spread the message of awareness by getting himself tested.

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर की शुरुआत के साथ मुख्यमंत्री ने स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर लोगों को फिटनेस और नियमित चेक-अप के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण कई बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित जांच से व्यक्ति समय रहते बीमारी के संकेत समझ सकता है और आवश्यक सावधानियां अपनाकर गंभीर रोगों से बचाव संभव है। उनके अनुसार स्वस्थ नागरिक ही मजबूत समाज और समृद्ध राज्य की आधारशिला होते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार भी बनाते हैं।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य संजीव कुमार झा, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।