धान खरीदी में सुगमता से खुश किसान—देवाल सिंह ने साझा किया अनुभव

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया गया है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है।
सरगुजा के ग्राम खोटिया के किसान देवाल सिंह पावले ने धान उपार्जन केंद्र में अपने अनुभव साझा करते हुए खरीदी प्रक्रिया पर संतोष जताया।
देवाल सिंह ने बताया कि उनकी 4.5 एकड़ भूमि से 41 क्विंटल धान निकला, जिसका टोकन उन्होंने समिति में बिना किसी परेशानी के कटवा लिया। उपार्जन केंद्र पहुंचते ही नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता और तौल जैसी प्रक्रियाएँ नियमों के अनुसार सहजता से पूरी हो गईं।
उनका कहना है कि समिति का पूरा स्टाफ सहयोगपूर्ण व्यवहार कर रहा है, जिससे किसानों को कोई दिक्कत नहीं आ रही। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी और 3100 रुपए प्रति क्विंटल के सर्वाधिक समर्थन मूल्य ने किसानों को मजबूत आर्थिक सहारा दिया है।
धान खरीदी व्यवस्था से संतुष्ट देवाल सिंह ने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष की व्यवस्था किसानों के हित में उत्कृष्ट रूप से संचालित की जा रही है।




