सुशासन तिहार 2026: जशपुर के 5 ग्रामीणों को मिला मनरेगा जॉब कार्ड, गांव में ही रोजगार का खुला रास्ता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा रहा है। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी कड़ी में जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम सिमड़ा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में 5 ग्रामीणों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत जॉब कार्ड वितरित किए गए।
जॉब कार्ड पाने वाले हितग्राहियों में मकरीबंधा गांव के जगेश्वर राम माली, गणेश राम यादव, गुलाबचंद राम, शांता तिर्की और बालेश्वर राम शामिल हैं। अब ये सभी ग्रामीण अपने ही गांव में मनरेगा के तहत रोजगार प्राप्त कर सकेंगे।
हितग्राहियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से उनकी आय बढ़ेगी और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
सुशासन तिहार 2026 के जरिए सरकार की योजनाएं सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।




