सेवा सेतु पोर्टल से आसान हुई सरकारी सेवाएं, दुर्ग में समय पर हुआ ऑनलाइन गजट प्रकाशन

छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं अब पारदर्शी, सरल और तय समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही और सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक आसान हो गई है।
इसी पहल का एक सफल उदाहरण दुर्ग जिले में देखने को मिला, जहां नाम परिवर्तन के लिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदन का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निराकरण किया गया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आवेदक को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आधिकारिक राजपत्र (गजट) प्रकाशन उपलब्ध कराया गया। यह मामला दर्शाता है कि डिजिटल प्रणाली के जरिए सरकारी सेवाएं अब अधिक तेज, पारदर्शी और भरोसेमंद तरीके से नागरिकों तक पहुंच रही हैं।
सेवा सेतु पोर्टल पर विभिन्न विभागों की नागरिक सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया गया है। आवेदन करने से लेकर सेवा प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से प्रशासनिक कार्यों में गति आई है और नागरिकों का समय व संसाधन दोनों की बचत हो रही है। इससे सेवा वितरण प्रणाली अधिक जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बन रही है।
प्रदेश में इस पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन, राजपत्र प्रकाशन सहित सैकड़ों शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा सेतु केवल डिजिटलीकरण का माध्यम नहीं, बल्कि पारदर्शिता, समयबद्ध सेवा और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी डिजिटल मॉडल के रूप में स्थापित हो रहा है।



