टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाक महामुकाबला तय, बहिष्कार से पीछे हटी पाक सरकार

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का सबसे चर्चित मुकाबला अब तय समय पर ही खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और अन्य क्रिकेट बोर्डों के साथ लंबी बातचीत के बाद अपने बहिष्कार के फैसले को वापस ले लिया है। इसके तहत पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम को 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने की हरी झंडी मिल गई है।
यह अहम फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और आईसीसी के शीर्ष अधिकारियों के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के एक दिन बाद सामने आया। बैठक में भारत-पाकिस्तान मैच के बहिष्कार से होने वाले नुकसान और क्रिकेट जगत पर इसके असर को लेकर गहन मंथन हुआ। गौरतलब है कि यह मुकाबला टी20 विश्व कप का सबसे अधिक राजस्व देने वाला मैच माना जाता है।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस निर्णय की आधिकारिक पुष्टि की। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बताया कि बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात जैसे मित्र देशों के अनुरोधों और बहुपक्षीय चर्चाओं के सकारात्मक नतीजों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य क्रिकेट की भावना को बनाए रखना और अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों की निरंतरता सुनिश्चित करना है।
पीसीबी अध्यक्ष एवं गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री को आईसीसी, बीसीबी और पीसीबी के बीच हुई बैठकों के नतीजों से अवगत कराया। साथ ही सरकार ने उन औपचारिक पत्रों की भी समीक्षा की, जिनमें पाकिस्तान से मौजूदा हालात का व्यावहारिक समाधान निकालने में नेतृत्व की भूमिका निभाने की अपील की गई थी।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई थी जब बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भी भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले के बहिष्कार की घोषणा कर दी थी। हालांकि, आईसीसी के सुलहपूर्ण रुख और किसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई न करने के संकेत के बाद पाकिस्तान ने अपने फैसले पर पुनर्विचार किया।
फिलहाल पाकिस्तान की टीम कोलंबो में विश्व कप की तैयारियों में जुटी है। तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने कहा कि टीम का पूरा फोकस टूर्नामेंट पर है और भारत के खिलाफ खेलने का फैसला सरकार के निर्देशों के अनुसार ही होगा। उन्होंने बताया कि अभी खिलाड़ियों की रणनीति एक-एक मैच पर ध्यान देने की है और अगला लक्ष्य अमेरिका के खिलाफ होने वाला मुकाबला है।



