Journalism students from Bhanupratappur visited KTU and were introduced to modern media technologies.

केटीयू पहुंचे भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विद्यार्थी, मीडिया की आधुनिक तकनीकों से हुए रूबरू

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू), रायपुर में शासकीय महर्षि वाल्मीकि कॉलेज, भानुप्रतापपुर के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। बस्तर अंचल से पहुंचे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की आधुनिक प्रयोगशालाओं और मीडिया से जुड़ी सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कुलपति प्रो. मनोज दयाल से संवाद कर जनसंचार और पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

सकारात्मक पत्रकारिता से मजबूत समाज का निर्माण

कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक और निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मीडिया के क्षेत्र में अपनी रचनात्मकता को लगातार विकसित करने की अपील की। साथ ही समाचार पत्र, टेलीविजन, रेडियो और डिजिटल मीडिया के बीच अंतर तथा उनकी कार्यप्रणाली को समझने के लिए नियमित तुलनात्मक अध्ययन करने की सलाह दी।

टीवी स्टूडियो से एआई लैब तक का किया अवलोकन

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने केटीयू के टीवी स्टूडियो, कम्युनिटी रेडियो, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय और निर्माणाधीन एआई एवं मीडिया रिसर्च लैब का जायजा लिया। महर्षि वाल्मीकि कॉलेज के शिक्षक श्रीदाम ढ़ाली के मार्गदर्शन में पहुंचे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो ‘संवाद 98.2 एफएम’ में अपने संदेश भी रिकॉर्ड किए।

विद्यार्थियों ने जनसंचार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन और जनसंपर्क विभाग के प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों से बातचीत कर मीडिया शिक्षा, शोध और रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न सृजनात्मक क्लबों और शोध पीठों की कार्यप्रणाली को भी समझा।

विद्यार्थियों ने बताया ज्ञानवर्धक अनुभव

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कुलपति प्रो. डॉ. मनोज दयाल, कुलसचिव सुनील शर्मा, सहायक कुलसचिव देव सिंह पाटिल सहित विभिन्न विभागाध्यक्षों से मार्गदर्शन मिला। विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और व्यावहारिक अनुभव बताया।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18504

Leave a Reply