छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कांकेर को मिली खेलों की बड़ी सौगात, 9.40 करोड़ के मिनी स्टेडियम और इनडोर हॉल का लोकार्पण

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर कांकेर को खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली। उप मुख्यमंत्री तथा कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मेलाभाठा के समीप नवनिर्मित मिनी स्टेडियम और बहुउद्देशीय इनडोर हॉल का लोकार्पण किया। उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर गोल दागा और खेल मैदान के शुभारंभ की औपचारिकता पूरी की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वाधीनता, आत्मनिर्भरता और महान क्रांतिकारियों के अमर बलिदानों की याद दिलाती है। आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान देशभक्तों के सपनों को साकार करने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के कंधों पर है।

उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर और विश्व गुरु बनाने में विद्यार्थियों और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कांकेर में तैयार हुआ मल्टीपरपज मिनी स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा।

अरुण साव ने हाल ही में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उम्मीद है कि कांकेर का नया खेल परिसर यहां की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मददगार साबित होगा।

लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से बने मिनी स्टेडियम में फुटबॉल ग्राउंड, क्रिकेट बॉक्स, बास्केटबॉल ग्राउंड, रनिंग ट्रैक और विभिन्न खेलों के लिए नेट प्रैक्टिस की सुविधा उपलब्ध है। वहीं 2.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बहुउद्देशीय इनडोर हॉल में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती सहित अन्य खेलों के अभ्यास की सुविधा दी गई है। परिसर में आउटडोर जिम की सुविधा भी मौजूद है।

कार्यक्रम में विधायक आशाराम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक और कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद अरुण साव और आशाराम नेताम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मिनी स्टेडियम परिसर में नारियल के पौधे लगाए। अन्य अतिथियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button