Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

कन्नौज : लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बस की टक्कर से 7 की मौत

कन्नौज : ताजनगरी आगरा को लखनऊ से जोडऩे वाला आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। आज कन्नौज में एक्सप्रेस-वे पर एक बेकाबू रोडवेज बस ने करीब एक दर्जन छात्रों को रौंद दिया। जिनमें से सात की मौके पर ही मौत हो गई। छात्र एजूकेशनल टुअर पर संतकबीर नगर (खलीलाबाद) से हरिद्वार जा रहे थे। दो छात्र गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है। कन्नौज के तालग्राम के पास आज तडक़े आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा हो गया। संतकबीर नगर जनपद स्थित प्रभा देवी भगवती प्रसाद बीटीसी डिग्री कालेज से डीएलएड (बीटीसी) के छात्रों का एजूकेशनल टुअर हरिद्वार-ऋषिकेश जा रहा था। लखनऊ से आगरा की ओर जाते वक्त एक बस में तालग्राम के पास डीजल खत्म हो गया।

एक दर्जन छात्रों को रौंद दिया

इससे बस से नीचे उतर कर 9 छात्र एक्सप्रेस-वे पर घूमने लगे। उसी वक्त तेज रफ्तार रोडवेज ने पीछे से टक्कर मार दी। सभी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। यहाँ पर छह को मृत घोषित कर दिया गया। 3 को लखनऊ रेफर किया गया। रास्ते मे एक की और मौत हो गई। घायल दो को लखनऊ में भर्ती करा दिया गया। हादसे के कुछ देर बाद टूर वाली बस भी अन्य छात्रों को लेकर रवाना हो गई। मामले की जानकारी पाकर जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी, यूपीडा व एक्सप्रेस-वे के सुरक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुँचे। बस में सवार कॉलेज के एक कर्मी ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय दूसरी बस में सवार लड़कियों में चीख पुकार मच गयी। इनमे से 5 लड़कियां बेहोश हो गयी। घबराया बस चालक उन्हें सैफई ले गया। जहाँ अस्पताल में भर्ती कराया।

लखनऊ में भर्ती करा दिया गया

सूचना पर पहुंची डायल 100 ने सभी शवों और घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। छात्रों के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लिया है, लेकिन ड्राइवर मौके से फरार है। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।
मृतक के नाम व पता
(1) महेश गुप्ता पुत्र कृष्णमुरारी निवासी संत कबीर नगर।
(2) विजय पुत्र हीरालाल निवासी हजरा खलीलाबाद संतकबीरनगर।
(3) निखिलेश पुत्र राजेन्द्र प्रसाद निवासी डकसरा संतकबीर नगर।
(4) विशाल कुमार पुत्र प्रकाश चंद्र निवासी शाहजनवा गोरखपुर।
(5) अभय प्रताप पुत्र देवेन्द्र कुमार निवासी लवाई नगर खलीलाबाद संतकबीरनगर।
(6) सतीश पुत्र रामपहर निवासी शकुलीन नाथनगर संतकबीरनगर।
(7) जितेंद्र कुमार यादव पुत्र यसवंत सिंह निवासी चकिया भीटी रावत गोरखपुर।
घायलों के नाम
(1) प्रमोद कुमार पुत्र उदयराज निवासी हरियावां मैदावाल बस्ती संतकबीरनगर।
(2) चिंतामणि पुत्र राजाराम निवासी जुगाई संतकबीरनगर।

छात्रों का सैफई के किलोमीटर संख्या 100 पर जमकर हंगामा

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर संत कबीर नगर से हरिद्वार जा रहे छात्रों ने इटावा के सैफई के किलोमीटर संख्या 100 पर जमकर हंगामा काटा। छात्र बस चालकों द्वारा बसों को हरिद्वार-ऋषिकेश ले जाने का विरोध कर रहे थे। छात्रों के दबाव को देखते हुए बस चालक लखनऊ के लिए रवाना हो गए। बताया गया है कि प्रभादेवी महाविद्यालय के 13 बसों में करीब 700 छात्र-छात्राएं हरिद्वार एजूकेशनल टुअर के लिए जा रहे थे। इसमें से एक बस में कन्नौज के तालग्राम के पास डीजल खत्म हो गया था उसी बस में डीजल दूसरी बस से डालने के लिए छात्र सडक़ पर खड़े थे। हैरानी की बात यह है कि कितने लंबे रूट पर जा रही इन बसों में डीजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी लौटते समय भी इन बसों में डीजल खत्म हो गया और ये बसें चुपूला कट पॉइंट पर डीजल लेने के लिए उतरीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभा देवी विद्यालय, संत कबीर नगर के 6 बीटीसी छात्रों तथा एक शिक्षक की कनौज में एक दुर्घटना में मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना भी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान किये जाने की घोषणा की हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रकरण की एफआईआर दर्ज करने, हादसे के घायलों का समुचित उपचार कराने तथा छात्र दल के शेष सदस्यों के लिए वैकल्पिक व्यस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए हैं।