खैरागढ़ पुलिस का बड़ा साइबर सफलता: मुंबई में 50 करोड़ की ऑनलाइन ठगी का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने मुंबई में ऑनलाइन ठगी के एक बड़े गिरोह पर दबिश देकर भारी सफलता हासिल की है। शुरू में पुलिस 64 हजार रुपए की ठगी के आरोपियों को पकड़ने गई थी, लेकिन जांच में सामने आया कि यह गिरोह 50 करोड़ रुपए की ठगी में शामिल है।
मुंबई और बिहार के रहने वाले आठ ठगों ने ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों और गेमिंग ऐप यूज़र्स को अपना निशाना बनाया। ये साइबर अपराधी ‘चिकनकारी’ नामक फर्जी वेबसाइट और ‘100 बुक’ ऑनलाइन गेमिंग एवं बेटिंग ऐप के जरिए लोगों को ठग रहे थे।
खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा वसुधा सिन्हा भी इन ठगों की जाल में फंस गईं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर रील्स देख-देख कर “साड़ी खरीदने” की कोशिश की, लेकिन 1000 रुपए की साड़ी के बदले उनके खाते से 64 हजार रुपए कट गए। छात्रा ने तुरंत खैरागढ़ साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मुंबई में गिरोह के ठिकानों की जानकारी जुटाई गई।
राजनांदगांव आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि पुलिस की टीम ने मुंबई में 7 दिन रहकर क्षेत्र की गहन जाँच की और खुद को डिलीवरी बॉय बनाकर गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी। डोम्बिवल्ली और कल्याण के दो फ्लैटों में छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 लैपटॉप, 14 मोबाइल, 51 बैंक पासबुक, 51 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक और 25 सिम कार्ड जब्त किए। जांच में पता चला कि गिरोह ने 100 से अधिक फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते बनाकर करीब 50 करोड़ रुपए की ठगी की।
आरोपी महाराष्ट्र और बिहार के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
गौतम परमानंद (23) – महाराष्ट्र
पवन सुरूसे (25) – महाराष्ट्र
विनायक मोरे (24) – महाराष्ट्र
अमित मोरे (25) – महाराष्ट्र
रामचन्द्र चौके (21) – महाराष्ट्र
अमोल दिवनाने (24) – महाराष्ट्र
अभिषेक डंबडे (24) – महाराष्ट्र
मनोज मुखिया (23) – बिहार
सभी आरोपियों पर संगठित अपराध और जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य लिंक की तलाश में जुटी हुई है।



