छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रहंगी में किसान महाकुंभ: 25.28 लाख किसानों को 10,324 करोड़ की सौगात, विकास कार्यों की भी झड़ी

रायपुर। बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए से अधिक की आदान सहायता राशि सीधे अंतरित की। इनमें बिलासपुर जिले के 1,25,352 किसान शामिल हैं, जिनके खातों में 494.38 करोड़ रुपए पहुंचे। होली से पहले किसानों को मिली इस आर्थिक सहायता से उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 7 विकास कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ रुपए के 82 नए कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। मंच पर ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का विमोचन हुआ और पारंपरिक खुमरी व नांगर भेंटकर अतिथियों का सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसान हितैषी है और शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, समय पर धान खरीदी भुगतान, खाद सब्सिडी और सिंचाई विस्तार जैसे कदम किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी सहायता राशि दी जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी जा रही 6 हजार रुपए सम्मान निधि और राज्य बजट में कृषि के लिए 13 हजार करोड़ से अधिक के प्रावधान का भी उल्लेख किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य, शिक्षा और सामुदायिक भवनों के लिए कई घोषणाएं की गईं। किसानों से वर्चुअल संवाद में विभिन्न जिलों के हितग्राहियों ने राशि मिलने पर आभार जताया। सम्मेलन में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button