छत्तीसगढ़: राहुल गांधी ने की 2024 की तैयारी, निकालेंगे न्याय यात्रा, सात जिलों से होकर गुजरेगी

विधानसभा में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब ज़ोरों शोरों से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में अब उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होने वाली है और अगले महीने छत्तीसगढ़ के सात जिलों से होकर गुजरेगी। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने बताया कि यात्रा 67 दिनों में 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरते हुए 6,700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करने के बाद मुंबई में समाप्त होगी।
उन्होंने कहा कि 16-17 फरवरी के बाद यात्रा के छत्तीसगढ़ पहुंचने की उम्मीद है और यह पांच दिनों में राज्य के उन सात जिलों को कवर करेगी, जहां आदिवासियों की आबादी लगभग 32 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि पार्टी देश की एकता, अखंडता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘सत्याग्रह’ को जनता के अधिकारों की लड़ाई के लिए एक मजबूत हथियार मानती है और ‘भारत जोड़ो न्याय पदयात्रा’ आजादी के बाद देश का सबसे बड़ा और परिवर्तनकारी सत्याग्रह साबित होगी’। पार्टी के अनुसार लोकसभा चुनाव से पहले योजनाबद्ध यह यात्रा लगभग 100 लोकसभा सीटों और 337 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी।
राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार यह यात्रा लोकसभा चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगी क्योंकि राज्य में हाल के विधानसभा चुनावों में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा था।