छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महतारी वंदन योजना बनी सहारा, सुलेश्वरी यादव की जिंदगी में आई आर्थिक मजबूती

रायपुर। महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही है। इस योजना ने जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली सुलेश्वरी यादव के लिए आर्थिक मजबूती का रास्ता खोला है। सीमित आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच जीवन गुज़ार रहीं सुलेश्वरी के लिए बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च संभालना आसान नहीं था।

घरेलू कामकाज के साथ सिलाई कर परिवार की आय में सहयोग करने वाली सुलेश्वरी यादव संसाधनों की कमी के कारण अक्सर परेशान रहती थीं। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1000 रुपये की सहायता राशि उनके लिए बड़ा सहारा बनी। इस राशि से उन्होंने न केवल बचत शुरू की, बल्कि बच्चों की स्कूल फीस, किताबें और घर की ज़रूरतें भी समय पर पूरी कर सकीं।

योजना की हाल ही में मिली 24वीं किश्त ने परिवार को अतिरिक्त राहत दी है। सुलेश्वरी यादव का कहना है कि इस योजना ने उन्हें आत्मविश्वास और सम्मान के साथ जीने की ताकत दी है। उनके अनुसार महतारी वंदन योजना सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने की एक ठोस पहल है।

राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दे रही है, जिससे महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button