सीमा पर बड़ी कार्रवाई: अवैध धान से भरा ट्रक पकड़ा, प्रशासन ने सख्त रुख दिखाया

बलरामपुर जिले में धान खरीदी प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार अवैध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। इसी दौरान सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की तरफ से एक ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध धान जिले की सीमा में लाया जा रहा है। तुरंत कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन की टीम ने ट्रक को पकड़ा और धान जब्त कर लिया।
जानकारी के मुताबिक ट्रक नंबर CG 29 AF 0480 में करीब 400 बोरी धान लोड था, जिसे बिना किसी वैध दस्तावेज के प्रदेश में प्रवेश कराया जा रहा था। टीम ने मौके पर वाहन की जांच की, धान को अपने कब्जे में लिया और ट्रक को आगे की कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया।
अनुविभागीय अधिकारी नीर नंदेहा ने बताया कि धान खरीदी सीजन में सभी चेक पोस्टों पर निगरानी को और मजबूत किया गया है तथा अवैध परिवहन या भंडारण पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध धान परिवहन या लेन-देन की गतिविधि नजर आए तो तुरंत जानकारी दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।




