Major development boost for Mahasamund; groundbreaking ceremony held for projects worth ₹31.60 crore.

महासमुंद को विकास की बड़ी सौगात, 31.60 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन

महासमुंद में विकास कार्यों को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अरुण साव ने शहर के लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में 31 करोड़ 60 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने महासमुंद के नए बस स्टैंड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि देने का ऐलान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश की विकास दिशा में तेजी आई है और बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार मिल चुके हैं। युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की राशि सीधे उनके खातों में पहुंचाई जा रही है।

अरुण साव के अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपए के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़क और अधोसंरचना विकास को पूरे प्रदेश में गति दी जा रही है।

उन्होंने महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने की बात कही। नागरिकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि शहर के विकास और गौरव को अपना गौरव मानकर सभी को मिलकर काम करना होगा।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि महासमुंद में लगातार विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने गौरव पथ, तुमगांव रोड, नहर लिंकिंग रोड, सीकासेर-कौडार जल पहुंचाने की योजना और सिरपुर बैराज सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने शहर के विकास के लिए रिंग रोड की जरूरत बताते हुए नए बस स्टैंड और नगर पालिका कार्यालय भवन की मांग भी रखी।

नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने विकास कार्यों की सौगात के लिए सरकार का आभार जताते हुए बढ़ती आबादी और शहर के विस्तार को देखते हुए महासमुंद को नगर निगम बनाने की मांग रखी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18504

Leave a Reply