हार्ट अटैक मरीजों के लिए बड़ी राहत! सरकारी अस्पताल में महंगी जीवनरक्षक दवाएं मुफ्त

रायपुर। गंभीर हृदय रोग और हार्ट अटैक से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत की खबर है। रायपुर के डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय से संबद्ध एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट (ACI) के कार्डियोलॉजी विभाग में कई महंगी और जीवनरक्षक दवाएं व इंजेक्शन मरीजों को उपचार के दौरान जरूरत के अनुसार निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों के परिवारों पर महंगी दवाओं की खरीद का बोझ कम हो रहा है।
कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) स्मित श्रीवास्तव के अनुसार अस्पताल में हृदय रोग के उपचार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण दवाएं उपलब्ध हैं। इनमें टिकैग्रिलोर 90 मिलीग्राम, टेनेक्टेप्लेस (TNK-tPA) इंजेक्शन, व्यामाडा, एज़ेटिमाइब, मावाकैम्टेन, सरोग्लिटाज़ार, इवोलोकुमैब (रिपाथा), सेमाग्लूटाइड और न्यूमोकोकल वैक्सीन जैसी दवाएं शामिल हैं।
इनमें कई दवाओं की बाजार कीमत काफी अधिक है। टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन की बाजार कीमत लगभग 35 से 40 हजार रुपये और मावाकैम्टेन की कीमत करीब 21 से 22 हजार रुपये तक बताई गई है। ब्रांड, डोज और पैक साइज के अनुसार कीमतों में अंतर हो सकता है। अस्पताल में चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार इन दवाओं का निःशुल्क मिलना मरीजों के लिए बड़ी आर्थिक राहत है।
हार्ट अटैक के इलाज में भी जरूरी दवाएं उपलब्ध
हार्ट अटैक जैसी आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाले टेनेक्टेप्लेस के 20, 30 और 40 मिलीग्राम इंजेक्शन उपलब्ध हैं। इसके अलावा स्ट्रेप्टोकाइनेज 15 लाख IU इंजेक्शन भी अस्पताल में मौजूद है। इन दवाओं का उपयोग चिकित्सकीय निगरानी में रक्त के थक्के को घोलने के लिए किया जाता है।
एंजियोग्राफी में इस्तेमाल होने वाला नॉन-आयोनिक कॉन्ट्रास्ट मीडिया ऑम्निपेक और विजिपेक भी अस्पताल की आपूर्ति में उपलब्ध है। साथ ही एनोक्सापारिन, हेपरिन, ह्यूमन एल्ब्यूमिन 20 प्रतिशत, नाइट्रोग्लिसरीन, निकोरैंडिल, आइसोप्रेनालिन, लिडोकेन समेत संक्रमण और आपातकालीन उपचार में उपयोग होने वाली कई अन्य दवाएं भी उपलब्ध हैं।
पंडित नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि गंभीर बीमारी के दौरान महंगी दवाओं की निजी खरीद परिवारों के लिए बड़ा आर्थिक दबाव बन सकती है। सरकारी अस्पताल में इनकी उपलब्धता से मरीजों को राहत मिलती है।
अम्बेडकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर के मुताबिक, एसीआई में गंभीर हृदय रोगियों के उपचार के लिए जरूरी महंगी दवाएं और इंजेक्शन अस्पताल की व्यवस्था के तहत निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर उपचार देने में मदद मिलती है और परिजनों को बाहर से दवाएं खरीदने की जरूरत कम होती है।
सरकारी अस्पताल में आधुनिक और महंगी हृदय संबंधी दवाओं की उपलब्धता गंभीर मरीजों और उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण राहत है। खासकर हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में जरूरी दवाएं अस्पताल में उपलब्ध रहने से उपचार प्रक्रिया को समय पर आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।




