हल्बा समाज के उत्थान और एकता का संदेश, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख की घोषणा

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हल्बा समाज छत्तीसगढ़ के सबसे संगठित और जागरूक आदिवासी समुदायों में शामिल है। समाज ने अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ देश के विकास एवं राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज की मांग पर राजनांदगांव के वार्ड क्रमांक 22 रेवाडीह में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
वे पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय हल्बा-हल्बी आदिवासी समाज केंद्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं प्रथम सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज की मजबूत संगठनात्मक क्षमता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर जल, जंगल और जमीन के संरक्षण तक हर क्षेत्र में प्रेरणादायी योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के सम्मान और विकास के लिए जनजातीय गौरव दिवस, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वनधन विकास केंद्र और पीएम जनमन व धरती आबा उत्कर्ष ग्राम अभियान जैसी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नेतृत्व आदिवासी समाज के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से युवाओं को शिक्षा से जोड़ने, महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।



