मुंबई: बारिश के चलते 55 उड़ानें डायवर्ट, 52 रद्द, 27 की मौत

मुंबई/पुणे. महाराष्ट्र के मुंबई, कल्याण, ठाणे और पुणे समेत कई इलाकों में मंगलवार को तेज बारिश हो रही है। मुंबई में यह सिलसिला पिछले पांच दिनों से जारी है। दो दिन में 54 (21 इंच) सेमी पानी बरस गया। बारिश ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कई इलाकों में 5 से 6 फीट पानी भर गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। सरकार ने आज सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज और ऑफिस बंद रखने का फैसला किया है। भारी बारिश की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की फ्लाइट फिसल गई, जिससे मुख्य रनवे बंद कर दिया गया है। 55 उड़ानों का रूट डायवर्ट और 52 उड़ानें रद्द कर दी गईं। मुंबई में बचाव के लिए नेवी की टीम भेजी गई है। 1000 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया।
महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी घटनाओं में पिछले 24 घंटों में 22 लोगों की मौत हो गई। इसमें मुंबई में 18, पुणे में 6 और कल्याण में 3 की जान गई। मुंबई के मलाड ईस्ट के पिम्परीपाड़ा में सोमवार देर रात 11:30 बजे दीवार गिरने से 18 की मौत हो गई और 60 जख्मी हो गए। महाराष्ट्र सरकार ने मलाड हादसे के मृतकों के परिजन को 5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। उधर, मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश सहित छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड, उत्तर प्रदेश, अरुणाचल, असम, बंगाल में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पुणे में भी 6 लोगों की मौत
पुणे में सोमवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। यहां के अंबेगांव स्थित सिंघड़ कॉलेज की एक दीवार गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा सोमवार देर रात हुआ। उधर, कल्याण में सोमवार की रात करीब 12:30 बजे ऊर्दू स्कूल की दीवार गिरने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक जख्मी हो गया।