नई दिल्ली : धोनी ने मेरी लगातार मदद की: मोहम्मद शहजाद

नई दिल्ली : अफगानिस्तान के विकेटकीपर मोहम्मद शहजाद न सिर्फ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं बल्कि निजी जीवन में भी वह बिंदास हैं। शहजाद, महेंद्र सिंह धोनी के भी बड़े प्रशंसक हैं और वह कई बार इसका खुलकर इजहार भी कर चुके हैं।
14 जून से अफगानिस्तान अपना पहला टेस्ट मैच खेलेगा। इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट खेलने वाला 12वां देश बन जाएगा। बेंगलुरु में खेले जाने वाला यह टेस्ट अफगान क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है। इस टेस्ट मैच से पहले शहजाद ने माना कि उनके करियर में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का बड़ा योगदान है। धोनी के बड़े फैन शहजाद ने कहा कि जब भी उन्हें मदद की जरूरत हुई तो धोनी ने उन्हें सलाह दी है। हमारी सहयोगी वेबसाइट क्रिकबज से खास बातचीत में शहजाद ने अपने जीवन के कई पहलुओं के बारे में खुलकर बात की।
पहला टेस्ट मैच खेलेगा
उन्होंने कहा कि क्रिकेट के अलावा उन्हें सोना बहुत पसंद है और वह इससे समझौता नहीं कर सकते। दाएं हाथ के इस आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ने धोनी के साथ अपनी पहली मुलाकात को भी याद किया। शहजाद ने बताया कि 2010 में उन्होंने पहली बार धोनी को वेस्ट इंडीज में देखा था। उन्हें अभी तक धोनी के कमरे का नंबर (411) भी याद है। उन्होंने बताया कि एक बार जब उनकी फॉर्म खराब थी तो उन्होंने धोनी से बात की थी और माही ने उन्हें सिर्फ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित रखने की सलाह दी थी। धोनी ने उन्हें लोगों की बातों पर ध्यान न देकर सिर्फ खेल पर फोकस करने को कहा था। शहजाद ने बताया कि उनका पसंदीदा भारतीय फिल्मी कलाकार अजय देवगन और शाहरुख खान हैं। वहीं अदाकाराओं में उन्हें विद्या बालन और जैकलीन फर्नांडिस पसंद हैं।