
सुकमा। दक्षिण छत्तीसगढ़ के घने और दुर्गम जंगल एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहले। बुधवार को सुकमा जिले के कुकानार थाना क्षेत्र के पुसगुन्ना जंगल में जिला पुलिस बल और डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की संयुक्त कार्रवाई में दो नक्सली मार गिराए गए। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है, जबकि दूसरे की पहचान 5 लाख के इनामी और पेडारस एलओएस कमांडर ‘बमन’ के रूप में हुई है।
खुफिया इनपुट बना कार्रवाई की नींव
सुबह-सुबह मिली पुख्ता सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि जंगल में नक्सल संगठन के कई बड़े कैडर मौजूद थे। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही जवान इलाके में पहुंचे, छिपे नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पत्थरों की आड़ से दिया मुंहतोड़ जवाब
जवाबी कार्रवाई में डीआरजी और जिला बल के जवानों ने साहसिक मोर्चा संभाला। पेड़ों और पत्थरों की ओट लेकर जवानों ने गोलियों का जवाब गोलियों से दिया। कुछ ही देर में दो नक्सली ढेर हो गए। घटनास्थल से एक इंसास राइफल, एक 12 बोर बंदूक, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
कमांडर बमन का अंत, महिला की पहचान बाकी
मारे गए नक्सलियों में से एक की पहचान कुख्यात कमांडर बमन के रूप में हुई है, जिस पर राज्य सरकार ने 5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। दूसरी ओर, मारी गई महिला नक्सली की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
घने जंगलों में जारी है तलाशी अभियान
घटना के बाद कई नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन छेड़ दिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि यह अभियान नक्सलियों के खिलाफ चल रहे दबाव को और मजबूती देगा।