छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सिविल सर्विस दिवस पर बड़ा ऐलान: 750 सेवाएं आएंगी लोक सेवा गारंटी के दायरे में

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित सिविल सर्विस दिवस कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक सुधारों और जनसेवा को लेकर महत्वपूर्ण बातें सामने आईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य सचिव विकासशील ने की, जहां उन्होंने बताया कि राज्य में आम नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में अधिक से अधिक सेवाओं को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लाने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने जानकारी दी कि करीब 750 सरकारी सेवाओं को लोक सेवा गारंटी के तहत अधिसूचित करने की पहल की जा रही है, जिससे लोगों को समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में सिविल सेवा दिवस के राष्ट्रीय महत्व पर भी चर्चा हुई। हर वर्ष 21 अप्रैल को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में इस दिन उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और विभागों को सम्मानित किया जाता है।

पूर्व मुख्य सचिव सुयोग्य कुमार मिश्रा ने प्रशासनिक कार्यों की विविधता और उनके महत्व पर विस्तार से विचार रखे। वहीं राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुए।

सुशासन एवं अभिसरण विभाग से जुड़े अधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए नागरिकों की शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया और सुविधाओं के बारे में जानकारी साझा की। साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ई-डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट के जरिए सेवाओं के डिजिटलीकरण पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि संभागायुक्त और कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button