छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

शिक्षा से ही सशक्त होता है समाज, नारायणपुर में विद्यार्थियों से बोले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। शिक्षित और अशिक्षित व्यक्ति के जीवन में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। जहां अशिक्षित व्यक्ति शोषण का शिकार बनता है, वहीं शिक्षित व्यक्ति अपने विवेक से निर्णय लेकर आगे बढ़ता है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह देते हुए कहा कि यह समय पूरी तरह अध्ययन को समर्पित करने का है। उन्होंने आदर्श विद्यार्थी के पांच गुणों का उल्लेख करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने माता-पिता के सपनों को साकार कर प्रदेश और देश की सेवा करने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने आश्रम के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान कहा कि उच्च शिक्षा में आर्थिक स्थिति बाधा नहीं बननी चाहिए। छत्तीसगढ़ सरकार छात्रावास, छात्रवृत्ति, प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि और उच्च शिक्षा ऋण जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर का भी संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने रामकृष्ण मिशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में बच्चों को शिक्षा देना अत्यंत सराहनीय कार्य है। मिशन द्वारा शिक्षा के साथ-साथ कृषि और अन्य क्षेत्रों में भी लोगों को सहयोग दिया जा रहा है। इस क्षेत्र में सेवा के 40 वर्ष पूरे करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले माओवाद प्रभावित होने के कारण लोग इस क्षेत्र में आने से डरते थे, लेकिन अब स्थिति बदल रही है। माओवाद समाप्ति की दिशा में तेजी आई है और विकास कार्य रफ्तार पकड़ रहे हैं। नियद नेल्लानार योजना के तहत अब तक 400 गांवों में विकास कार्य शुरू हो चुके हैं। सड़कों, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ राशन कार्ड, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज भी बन रहे हैं।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच रखने, अच्छी पुस्तकें पढ़ने और अच्छी संगत अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह समय अपने भविष्य को संवारने का है। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button