करहीबाजार समाधान शिविर में लोगों को मिली बड़ी राहत, बिजली बिल माफी योजना से चमके चेहरे

रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के तहत बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे, जहां उन्होंने आम लोगों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं का फीडबैक लिया। शिविर में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 का बड़ा असर देखने को मिला। कई उपभोक्ताओं को लंबित बिजली बिल में भारी राहत दी गई, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
ग्राम बिटकुली के आशाराम को 11 हजार 625 रुपये, बाबूलाल को 14 हजार 922 रुपये, जगदीश को 9 हजार 832 रुपये, बुधयारिन को 8 हजार 467 रुपये और चोवाराम को 13 हजार 325 रुपये की राहत मिली। हितग्राहियों ने बताया कि बढ़ते बिजली बिल के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन इस योजना ने उनकी बड़ी चिंता दूर कर दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक वास्तविक राहत पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर वर्ग के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। वहीं, लाभार्थियों ने सरकार और मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए योजना को गरीब परिवारों के लिए बड़ी मदद बताया।




