छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

बलरामपुर में पीएम आवास निर्माण को मिली रफ्तार, जन चौपाल में हितग्राहियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन और ग्रामीण विकास के विजन के तहत बलरामपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत मकानों के निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। इसी उद्देश्य से ग्राम पंचायत बदौली में विशेष जन चौपाल और समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जहां अधिकारियों ने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर निर्माण की प्रगति का जायजा लिया।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर ने बदौली, कुन्दीकला और शिवपुर के हितग्राहियों से आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिन आवासों का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल शुरू करने और एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट प्रगति दिखाने के निर्देश दिए।

निर्माणाधीन मकानों को जल्द पूरा करने के लिए चरणबद्ध समय-सीमा तय की गई। प्लिंथ से टॉप लेवल तक पहुंचे आवासों को 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने तथा उसके बाद 10 दिनों के भीतर सेंट्रिंग और ढलाई का कार्य पूरा करने को कहा गया। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि लाभार्थियों को तकनीकी सलाह और आवश्यक सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जाए।

बैठक के दौरान ग्राम पंचायत सिधमा और खोखनिया के सचिवों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई गई। संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं भूमि विवाद, पलायन और आरआरसी से जुड़े लंबित मामलों के दस्तावेज ग्राम सभा प्रस्ताव सहित एक सप्ताह में प्रस्तुत करने को कहा गया।

जिला प्रशासन द्वारा लगातार समीक्षा, मॉनिटरिंग और जनसंवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना को गति दी जा रही है, जिससे ग्रामीण परिवारों के पक्के घर का सपना तेजी से साकार हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button