प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से बदली तस्वीर: सोलर रूफटॉप से रोशन हुए घर, घटा बिजली बिल

रायपुर। जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए राहत और बदलाव की योजना बनकर उभरी है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से लोगों को स्वच्छ, किफायती और टिकाऊ ऊर्जा का सीधा लाभ मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलने से सोलर रूफटॉप सिस्टम अब आम परिवारों की पहुंच में आ गया है।
इसी योजना के तहत राजनांदगांव जिले के ग्राम खैरा निवासी मनोज साहू ने अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का रूफटॉप सोलर पैनल लगवाया है। सोलर सिस्टम लगने के बाद उनका घर प्राकृतिक ऊर्जा से जगमगा रहा है और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता काफी कम हो गई है।
मनोज साहू का कहना है कि सोलर पैनल लगने के बाद बिजली बिल में बड़ी कमी आई है, जिससे हर महीने आर्थिक बचत हो रही है। यह योजना न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों के लिए आर्थिक रूप से भी बेहद फायदेमंद साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में ऊर्जा संसाधनों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए यह योजना दूरदर्शी पहल है। इससे न सिर्फ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि लोग ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भी बन रहे हैं।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के चलते जिले में लगातार अधिक लोग सोलर ऊर्जा की ओर रुख कर रहे हैं, जो पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।



