बारिश ने फिर खोली सिस्टम की पोल! 28 जिलों में अलर्ट, रायपुर में 64 MM पानी—सड़कें बनीं मुसीबत

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत से सक्रिय हो गया है। 19 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। रायपुर समेत 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 64 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जिले में अब तक कुल 756.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत से 10 प्रतिशत अधिक है। लगातार बारिश के कारण राजधानी समेत कई इलाकों में जलभराव और आवाजाही की परेशानी सामने आ रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ के दुर्ग सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश हो सकती है।
दुर्ग जिले में पिछले 24 घंटे में 44.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के आंकड़ों के अनुसार दुर्ग में सुबह 8.30 बजे तक 38.4 मिलीमीटर और शाम 5.30 बजे तक 6.2 मिलीमीटर बारिश हुई। अंबिकापुर में 98.1 मिलीमीटर, राजनांदगांव में 30.8 मिलीमीटर, जगदलपुर में 14.6 मिलीमीटर और बिलासपुर में 5.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
बारिश के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है। लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं खड़े होने की अपील की गई है।
प्रदेश में लगातार बारिश के बीच सबसे बड़ा सवाल जलभराव और सुरक्षित आवाजाही को लेकर है। बारिश ने एक बार फिर शहरों की जलनिकासी व्यवस्था की परीक्षा शुरू कर दी है।
ये खबर भी पढ़ें—:




