Raipur to host a Kumbh of Mangoes: 3-day National Mango Festival with over 250 varieties

रायपुर में लगेगा आमों का कुंभ: 250 से ज्यादा किस्मों के साथ 3 दिन तक चलेगा राष्ट्रीय आम महोत्सव

रायपुर। रायपुर में आम प्रेमियों के लिए मई का अंतिम सप्ताह बेहद खास होने वाला है। कृषि महाविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय आम महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जहां देश-विदेश की 250 से अधिक दुर्लभ और लोकप्रिय आम की किस्में एक ही जगह देखने को मिलेंगी। आयोजन का संचालन उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी संचालनालय और ‘प्रकृति की ओर सोसायटी’ के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।

महोत्सव में केवल आमों की प्रदर्शनी ही नहीं होगी, बल्कि बेहतरीन किस्मों की प्रतियोगिता, आम से बने स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रतिस्पर्धा और आम थीम पर सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसमें किसान, छात्र, महिलाएं और आम नागरिक सभी हिस्सा ले सकेंगे। सबसे खास बात यह है कि प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।

29 मई को सुबह 9 बजे से प्रतिभागियों का पंजीयन शुरू होगा और प्रदर्शनी तीनों दिन रात 9 बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। यहां आम से बने उत्पादों और पौधों की बिक्री भी की जाएगी।

30 मई को किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए विशेष तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें उन्नत उत्पादन, प्रसंस्करण, मार्केटिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। 31 मई को सफल किसानों और उद्यमियों के अनुभव साझा किए जाएंगे तथा विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों के मुताबिक, पिछले वर्षों की शानदार सफलता के बाद इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply