छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

राजनांदगांव को 226 करोड़ की सौगात: सीवरेज प्लांट, सड़क चौड़ीकरण और 2000 सीट ऑडिटोरियम बनेगा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से नगर पालिक निगम राजनांदगांव के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से भाग लिया। इस दौरान 226 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल निर्माण कार्यों की शुरुआत नहीं, बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ प्रदेश के संतुलित विकास के लिए काम कर रही है। बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में है और लक्ष्य हर वार्ड तक विकास पहुंचाना है।

अमृत मिशन 2.0 के तहत शहर में घरेलू अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक उपचार के लिए दो नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इससे गंदे पानी को सीधे नदियों और नालों में जाने से रोका जा सकेगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य दोनों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री नगरोउत्थान योजना के तहत सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

शहर में 2 हजार सीट क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा, जो कला, साहित्य और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए नया मंच बनेगा। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर उन्नयन, नाली निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और 51 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष बजट प्रावधान किए गए हैं।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि राजनांदगांव देश के स्वच्छ शहरों में अपनी पहचान बना सके।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव के समग्र विकास के लिए संकल्प बजट 2026–27 में 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शिवनाथ नदी संरक्षण के लिए 250 करोड़ रुपये की योजनाएँ स्वीकृत हुई हैं। शिक्षा, ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के तहत भी कई परियोजनाएँ प्रस्तावित हैं।

खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हॉकी स्टेडियम में टर्फ सहित अन्य निर्माण कार्यों के लिए 8.80 करोड़ रुपये और दिग्विजय स्टेडियम के उन्नयन के लिए 6 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इन परियोजनाओं से शहर के 51 वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और राजनांदगांव के समग्र विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button