आरबीएसके से बची नन्ही आल्या की धड़कनें, गृह भ्रमण में पूरी तरह स्वस्थ पाई गई बच्ची

विकासखंड प्रेमनगर के ग्राम नवापारा कला में हृदय रोग से पीड़ित बच्ची आल्या के इलाज की सफलता अब खुशियों में बदल चुकी है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कपिल देव पैकरा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक की टीम ने आल्या के घर पहुंचकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया।
आल्या का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल, रायपुर में कराया गया था। गृह भ्रमण के दौरान जांच में बच्ची पूरी तरह स्वस्थ पाई गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने परिजनों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक परामर्श भी दिया।
इलाज से संतुष्ट आल्या के परिजनों ने जिला प्रशासन सूरजपुर और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश पर जिले में हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को निःशुल्क और उच्चस्तरीय इलाज की सुविधा दी जा रही है। इस पहल से कई जरूरतमंद बच्चों को समय पर उपचार मिल रहा है और उनके जीवन को नई उम्मीद मिल रही है।




